कोर्ट कैंपस में हो COVID-19 टेस्टिंग किट, SCBA ने दिल्ली सरकार से की मांग
- मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लिखा खत
- कोर्ट परिसर में ही टेस्टिंग की हो व्यवस्था
देश की राजधानी दिल्ली में तेजी से बढ़ते कोरोना मामलों के बीच सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (एससीबीए) ने कोर्ट परिसर में ही कोरोना वायरस जांच की व्यवस्था करने की मांग की है. इस संबंध में एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक खत लिखा है और सभी जरूरी उपकरण और टेस्टिंग किट की कोर्ट परिसर के अंदर ही व्यवस्था करने की मांग की है.
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन का कहना है कि एससीबीए के कई सदस्यों को सर्दी और खांसी की शिकायत है. वो अपना टेस्ट कराना चाहते हैं, लेकिन उन्हें मेडिकल मदद नहीं मिल रही है. इसलिए कोविड टेस्ट सेटअप की व्यवस्था सुप्रीम कोर्ट परिसर के अंदर ही की जाए. जिससे कि स्टाफ, क्लर्क और बाकी लोगों की जांच आसानी से की जा सके.
एससीबीए का मानना है कि कोर्ट में काफी लोगों का आना-जाना रहता है, इसलिए यहां संक्रमण का खतरा काफी ज्यादा है. ऐसे में टेस्टिंग की व्यवस्था किए जाने से वायरस के संक्रमण को कम किया जा सकेगा.

बता दें, पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 1877 नए मामले सामने आए हैं. ये अब तक का सबसे बड़ा उछाल है. इस दौरान 65 लोगों की मौत भी हुई है. इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना से मौत का रिकॉर्ड भी टूट गया. दिल्ली में कोरोना से एक दिन में ये सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें...
दिल्ली में मौत का आंकड़ा 1000 के पार हो गया है. राजधानी में कोरोना से अब तक 1085 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 34687 हो गई है. दिल्ली में कोरोना के 20871 एक्टिव केस हैं. इससे पहले बुधवार को दिल्ली में कोरोना के कुल 1366 नए मामले सामने आए थे और 7 लोगों की मौत हुई थी.
वहीं देश में शुक्रवार को करीब 11 हजार नए मामले सामने आए है. जबकि करीब 400 लोगों की मौत हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार सुबह अपडेट बताते हुए जानकारी दी है कि अब देश में कुल मरीजों की संख्या 2 लाख 97 हजार 535 हो गई है, जिसमें 8498 लोग जान गंवा चुके हैं.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
पिछले 24 घंटे में 10 हजार 956 नए मामले सामने आए हैं और 396 लोगों की मौत हो चुकी है. एक दिन में कंफर्म केस और मौत का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है. कोरोना से अब तक 1 लाख 47 हजार 195 लोग ठीक हो चुके हैं. अब देश में एक्टिव केस की संख्या 1 लाख 41 हजार 842 है.
Credit Aaj Tak
0 Comments: